पेपर सुबह, शाम पेपर देने पहुंचे विद्यार्थी

चंबा। स्नात्तकोतर महाविद्यालय चंबा में बीएससी प्रथम वर्ष के विद्यार्थी अनिवार्य अंग्रेजी विषय का पेपर देने से वंचित रह गए हैं। दरअसल विद्यार्थी सुबह के सत्र में होने वाले पेपर देने के लिए सायं के सत्र में परीक्षा केंद्र में पहुंचे। परीक्षा केंद्र में तैनात शिक्षकों ने दोपहर डेढ़ बजे विद्यार्थियों को बताया कि सायं के सत्र में बीएससी प्रथम वर्ष अंग्रेजी का कोई पेपर नहीं है। यह बात सुनकर विद्यार्थी स्तब्ध रह गए। बीएससी प्रथम वर्ष के प्रथम सेमेस्टर के पेपर सायं सत्र में आयोजित किए जा रहे हैं। इस बीच 13 दिसंबर को बीएससी प्रथम वर्ष के अनिवार्य अंग्रेजी विषय का पेपर विवि प्रशासन ने सुबह के सत्र में रख दिया था। इसके चलते कालेज के करीब 15 बच्चों को यह ध्यान नहीं रहा कि उनका अंग्रेजी का पेपर सुबह के सत्र में है। लिहाजा अंग्रेजी को पेपर देने के लिए विद्यार्थी सुबह की बजाय शाम को पेपर देने कालेज पहुंचे। इस तरह विवि द्वारा एक पेपर का आयोजन सुबह के सत्र में करना 15 विद्यार्थियों पर भारी पड़ गया है। परीक्षा देने से वंचित रहे विद्यार्थी जून 2014 में ही अंग्रेजी विषय का पेपर दे पाएंगे।
बीएससी के सुपरिटेंडेंट प्रोफेसर हेमंत पाल ने बताया कि सुबह के सत्र में अनिवार्य अंग्रेजी विषय का पेपर था। इसमें आर्ट्स व साइंस के कुल 483 बच्चों ने पेपर दिया। इसमें करीब 15 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। कालेज की प्राचार्या मंजुला शर्मा ने भी माना कि ऐसा हुआ है।
पेपर देने से वंचित रहे विद्यार्थियों ने बताया कि यह सब विवि प्रशासन की गलती के कारण हुआ है। विनोद, अजय, शुभम ने बताया कि बीएससी प्रथम वर्ष के समस्त पेपरों का आयोजन सायं सत्र में हो रहा है। बीच में अनिवार्य अंग्रेजी विषय का पेपर विवि प्रशासन ने सुबह के सत्र में रख दिया था। बीएससी प्रथम वर्ष के कुछ विद्यार्थी अंग्रेजी विषय की परीक्षा शुरू होने के बाद परीक्षा केंद्र में पहुंचे।

Related posts