
सिहुंता (चंबा)। सिहुंता की एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उर्मिला देवी पत्नी महाल सिंह उम्र 26 साल गांव व पंचायत बनेट का शव गांव के साथ लगते जंगल में पेड़ से लटका हुआ पाया गया है। पुलिस ने इस मामले में विवाहिता के मायके वालों की शिकायत पर ससुराल वालों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस ने उर्मिला के पति और ससुर को गिरफ्तार करके कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर बाद जंगल में लकड़ी काटने गई थी और जब शाम को घर वापस नहीं लौटी, तो उसका छोटा बच्चा रोने लगा। उसके बाद उर्मिला की ननद उसको ढूंढने जंगल में गई तो उसकी लाश पेड़ के साथ रस्सी लटकी हुई थी। यह बात बुधवार शाम को पूरे सिहुंता क्षेत्र में फैल गई। इसके बाद मृतका के मायके वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और विशेष जांच दल के आने तक पुलिस को लाश को कब्जे में नहीं लेने दिया। वीरवार को सुबह जब डीएसपी हैड क्वार्टर जितेंद्र चौधरी और एसएचओ चुवाड़ी होशियार सिंह फारेंसिक टीम के साथ पहुंचे तो लाश को नीचे उतारा जा सका। फोरेंसिक लैब धर्मशाला के डॉ. अजय और डॉ. विजय ने भी मौके पर साक्ष्य जुटाए।
वीरवार को पीएचसी समोट में शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद पुलिस ने महिला का शव मायके वालों को सौंप दिया है। मायके वालों ने मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया है। उधर, डीएसपी हैड क्वार्टर जितेंद्र चौधरी ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर उसके ससुर जीता राम और पति महाल सिंह के खिलाफ उत्पीड़न करने और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में आईपीसी की धारा 498 ए, 306, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके छानबीन की जा रही है।
