पेड़ से लटका मिला आईपीएच कर्मी का शव

रक्कड़ (कांगड़ा)। बुधवार से लापता चल रहे आईपीएच विभाग में तैनात एक पाइप लाइन मैन का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला है। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल देहरा भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आईपीएच विभाग में तैनात प्रेमचंद (52) पुत्र दीवान चंद निवासी लड़ोआ (भरोली जदीद) बुधवार से लापता था। शुक्रवार सुबह मृतक का बेटा और भाई उसे ढूंढने के लिए जंगल की तरफ निकले। वे आईपीएच द्वारा डाली गई पेयजल पाइप लाइन के साथ जंगल की तरफ गए। घर से करीब एक किमी दूर उन्हें जंगल में पक्षियों की तेज आवाजें सुनाई दीं। वे उसी तरफ चल दिए। थोड़ी दूर आगे जाकर उन्होंने देखा कि कमीज के फंदे के साथ प्रेमचंद का शव पेड़ से लटका हुआ है। उन्होंने घटना की सूचना गांववालों की दी। गांववालों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस चौकी रक्कड़ को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया।
प्रेमचंद की मौत का प्रारंभिक कारण आत्महत्या का माना जा रहा है। डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल देहरा भेज दिया गया है।

Related posts