
कर्णप्रयाग। नगर स्थित पेट्रोल पंप में आए दिन तेल खत्म होने से उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि लोगों को यहां महीने में 10 दिन ही तेल मिल पा रहा है। कभी सरकारी विभागों पर बकाया, तो कभी सड़क बंद और अब मशीन में तकनीकी खराबी के चलते चार दिन से पेट्रोल पंप बंद पड़ा है।
नगर के महावीर सिंह का कहना है कि उनका मार्केटिंग का काम है, जिसके लिए उन्हें रोज गौचर, लंगासू, सिमली, आदिबदरी और अन्य स्थानों पर बाइक से जाना पड़ता है। आए दिन पंप पर तेल नहीं मिलने से आवागमन में समस्या हो रही है। बीरेंद्र कुमार का कहना है कि पेट्रोल के लिए उपभोक्ताओं को 12 किमी दूर कमेड़ा, 6 किमी दूर सिमली और 18 किमी दूर सोनला जाना पड़ रहा है। वहीं पेट्रोल पंप पर तैनात कर्मियों ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते दिक्कत आ रही है।
