
कोटद्वार। भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने के विरोध में केंद्र सरकार का पुतला फूंका। हिंदू पंचायती धर्मशाला से झंडाचौक तक केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने केंद्र की नीतियों की निंदा की। इसमें कहा कि केंद्र की जनविरोधी नीतियों से आज महंगाई आसमान छू रही है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे आम उपभोक्ता पर लगातार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने का बोझ डाला जा रहा है। आज केंद्र सरकार की महंगाई पर रोक लगाने में विफलता साफ नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि रुपये के गिरते स्तर को उठाने के लिए जनता के ऊपर बोझ डाल देना पूरी तरह से गलत है। इन जनविरोधी नीतियों से ही 2014 में जनता कांग्रेस मुक्त देश का निर्माण करेगी। इसके बाद पुतले को आग के हवाले कर दिया गया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष बीरेंद्र सिंह, विपिन कैंथोला, कुलदीप पटवाल, मोहित, अनिरुद्ध, सतीश रावत, संतोष डुकलान, अरुणा बेदवाल, रजत भट्ट आदि मौजूद थे।
