पेंशनर्स को कमजोर न समझे सरकार : संघ

शाहतलाई (बिलासपुर)। पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की जेजवीं इकाई ने प्रदेश सरकार को उसके चुनावी वादों का स्मरण कराते हुए उन्हें जल्द पूरा करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि यदि सरकार पेंशनर्स की चुप्पी को उनकी कमजोरी समझ रही है तो यह उसकी भूल है। बेहतर होगा कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
जेजवीं क्षेत्र के पेंशनर्स की बैठक एसोसिएशन के जिला महासचिव जगदीश दिनेश की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें संगठन के प्रदेश प्रवक्ता हुकम सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। बैठक में प्रस्ताव पारित कर सरकार से मांग की गई कि पंजाब की तर्ज पर पेंशनर्स को 65, 70 व 75 वर्ष की आयु पूरी होने पर उनकी पेंशन में क्रमश: 5, 10 व 15 फीसदी वृद्धि की जाए। चिकित्सा भत्ता 500 रुपये देने के साथ ही प्रत्येक दो वर्ष के अंतराल पर उन्हें एक माह की पेंशन पर्यटन भत्ते के रूप में दी जाए। पांच फीसदी विशेष भत्ते को पेंशन का हिस्सा मानने, जनवरी 2013 से देय आठ फीसदी महंगाई भत्ते की किश्त जल्द जारी करने तथा जेसीसी की बैठक जल्द आयोजित करने की मांग भी की गई।
बैठक के दौरान संगठन की जेजवीं इकाई का चुनाव भी किया गया। इसमें भाग सिंह अध्यक्ष, मनसाराम कटवाल उपाध्यक्ष, प्रेम सिंह सचिव, बलीराम सहसचिव, मनशाराम शर्मा संगठन सचिव, कौशल्या देवी कोषाध्यक्ष, धर्म सिंह लेखाकार तथा लाल सिंह ठाकुर, गोकुल राम, बुद्धि सिंह, वीरी सिंह ठाकुर, सदाराम शर्मा व जगन्नाथ शास्त्री कार्यकारिणी सदस्य चुने गए। बैठक में संघ के झंडूता खंड अध्यक्ष बीरबल धीमान, सचिव एनडी कपिल, विजयराम शर्मा, बलीराम, भाग सिंह ठाकुर, करतार सिंह, गौरी शंकर, जगन्नाथ शास्त्री, प्रेम सिंह, धर्म सिंह व सदाराम आदि ने भाग लिया।

Related posts