पेंशनरों ने मांगी सीएसडी कैंटीन की सुविधा

पधर (मंडी)। पेंशनर कल्याण संघ द्रंग खंड इकाई की बैठक प्रधान एमसी चौहान की अध्यक्षता में वन विश्राम गृह द्रंग में हुई। बैठक में खंड के पेंशनरों ने समस्याओं को उठाया और समाधान की मांग रखी। संघ ने रोष जताया कि विभिन्न विभागों की ओर से पेंशनरों के चिकित्सा बिलों का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। इस कारण पेंशनरों को भारी परेशानी हो रही है।
चौहान ने कहा कि सरकार ने सभी विभागों को समय पर पेंशनरों के चिकित्सा बिलों का भुगतान करते हुए बजट भी जारी कर दिया है, लेकिन विभागाध्यक्षों का रवैया ढुलमुल बना हुआ है। अभी तक भुगतान लंबित चल रहा है। सरकार 70 से 75 वर्ष की आयु पार करने वाले पेंशनरों को 10 से 15 फीसदी पेंशन वृद्धि और एलटीसी की सुविधा दो वर्ष के बाद एक मास की अतिरिक्त पेंशन अदा करे। भूतपूर्व सैनिकों की तर्ज पर सीएसडी कैंटीन सुविधा का प्रावधान भी पेंशनरों के लिए किया जाए। इस मौके पर वरिष्ठ नागरिक द्रंग खंड यूनियन का चुनाव हुआ। इसमें राम दास प्रेमी को प्रधान और प्रकाश चंद को सचिव चुना गया। शेष कार्यकारिणी के गठन का जिम्मा प्रधान और सचिव को सौंपा गया।

Related posts