पूर्व सैनिक के घर में सेंधमारी

जुखाला (बिलासपुर)। जनपद बिलासपुर में ताजा घटनाक्रम में बुधवार रात चोरों ने नम्होल क्षेत्र के तहत दगसेच गांव में एक पूर्व सैनिक के घर पर सेंध लगा ली। गरजा राम नामक पूर्व सैनिक के घर से चोर पांच तोला सोना और दस हजार रुपये की नकदी समेत एक नाली वाली बंदूक उड़ा ले गए। पुलिस ने घर से कुछ ही दूरी पर बंदूक बरामद कर ली है, लेकिन चोरों का अभी तक सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
चोरों ने पूर्व सैनिक गरजा राम के घर पर सेंधमारी की। पूर्व सैनिक का परिवार बुधवार रात घर की ऊपरी मंजिल में सोया था। निचली मंजिल में कोई नहीं था। निचले मंजिल के कमरे में रखी अलमारी से चोर लगभग पांच तोला सोना, दस हजार रुपये की नकदी को लेकर फरार हो गए हैं। चोर पूर्व सैनिक की बंदूक को भी ले गए थे। मौके पर गई पुलिस ने बंदूक बरामद कर लिया है। बंदूक को फिंगरप्रिंट की जांच के लिए एक्सपर्ट के पास गया है। चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस खोजी कुत्ते का भी सहारा ले रही है। इसके बाद चोरी के राज खुलने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं। इसके आधार पर जल्द ही चोर पुलिस के शिकंजे में होेंगे। एएसपी भूपेंद्र कंवर ने कहा कि पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।

Related posts