पूर्व सैनिक की हत्या के मामले में पांच गिरफ्तार

अल्मोड़ा। भनोली तहसील के आरतोला के निकट कोटागांव निवासी 45 वर्षीय पूर्व सैनिक अर्जुन सिंह वाणी की हत्या के मामले में राजस्व पुलिस ने गुनाई गांव के नामजद पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। राजस्व पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने पांचों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए हैं।
कोटा गांव निवासी पूर्व सैनिक अर्जुन सिंह वाणी आठ सितंबर की शाम से लापता थे। पूर्व सैनिक की पत्नी जीवंती देवी ने 11 सितंबर को राजस्व पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 12 सितंबर को अर्जुन वाणी का शव गनाई गांव के निकट चौराकांटा नाले के पास बरामद हुआ था। मृतक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान थे। 16 सितंबर को मृतक की पत्नी ने इस मामले में गुनाई गांव के पांच लोगों हरीश सिंह, केदार सिंह, गोपाल सिंह, राजन सिंह, नंदन सिंह के खिलाफ राजस्व पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
राजस्व पुलिस ने आज सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश किया गया। राजस्व उप निरीक्षक दीप तिवारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर पांचों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Related posts