
गगरेट (ऊना)। दौलतपुर चौक के मुख्य बाजार में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ प्रदर्शन एवं पुतला फूंकने पर पुलिस ने 15 भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध केस दर्ज किया है। इसमेें गगरेट विस के पूर्व विधायक बलवीर चौधरी एवं गगरेट विस से भाजपा प्रत्याशी रहे सुशील कालिया का नाम भी एफआईआर में दर्ज है। अंब के डीएसपी मदन कौशल ने मामले की पुष्टि की है।
बीते सोमवार को दौलतपुर चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता अरुण जेतली, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और सांसद अनुराग ठाकुर के पुतले जलाए थे। इसी के चलते शाम को उसी जगह भाजपाइयों ने भी विरोध प्रदर्शन करते हुए सीएम वीरभद्र सिंह का पुतला फूंक डाला था। इसके चलते पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने और रास्ता रोकने के आरोपों में केस दर्ज कर लिया। इसमें पूर्व विधायक बलवीर सिंह, गगरेट से भाजपा प्रत्याशी रहे सुशील कालिया, मोहन लाल, प्रदीप कुमार, प्रोमिला, राममूर्ति शर्मा, गुलाम मोहम्मद, केदार नाथ, डिंपल, रमा, सुरेंद्र सिंह, अजय ठाकुर, राजीव कुमार, बलजीत सिंह, संजीव चड्ढा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। डीएसपी अंब मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि की है।
