
जैंती (अल्मोड़ा)। स्कूल से हटाए जाने से क्षुब्ध पूर्व भोजन माता ने संकुल संसाधन केंद्र और प्राथमिक स्कूल जैंती में चल रहे सेवारत शिक्षकों के प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों पर पथराव कर दिया। इससे वहां अफरातफरी मच गई। शिक्षकों ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराकर मुख्य शिक्षाधिकारी और खंड शिक्षाधिकारी को जानकारी दे दी है।
संकुल संसाधन केंद्र और प्राथमिक स्कूल जैंती में नौ दिसंबर से प्राथमिक विद्यालय ज्वारनेड़ी, तड़ैनी, बांजधार, कालाडुंगरा, सुनाड़ी, संग्रौली, भाबू, जूनियर हाईस्कूल तड़ैनी समेत तीन दर्जन से अधिक स्कूलों के शिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा था। प्रशिक्षण के दौरान बुधवार को विद्यालय की पूर्व भोजन माता कांडे निवासी गोविंदी देवी और उसके पति धन सिंह विद्यालय में आ धमके। उन्होंने शिक्षकों के साथ गाली-गलौच कर पथराव शुरू कर दिया। शिक्षकों ने इधर-उधर छिपकर खुद को बचाया। सेवारत शिक्षकों ने इस घटना की प्राथमिकी जैंती स्थित चौकी में दर्ज करा दी है। साथ ही जिला शिक्षाधिकारी और खंड शिक्षाधिकारी को घटना की जानकारी भी दे दी है। इधर, जैंती चौकी के प्रभारी एसआई विक्रम सिंह ने बताया कि घटना की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बताया जाता है कि गोविंदी देवी पूर्व में प्राथमिक स्कूल जैंती में भोजन माता थी लेकिन कुछ माह पहले विद्यालय में विवाद के चलते उसे भोजन माता पद से हटा दिया गया था, जिससे वह नाराज थी।
