पूर्व बीडीसी चेयरमैन के घर लाखों की चोरी

गोहर (मंडी)। सराजघाटी के सलाहर गांव में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए चोरों ने लाखों के गहनों सहित हजारों की नकदी और लैपटॉप पर हाथ साफ कर लिए। वारदात के समय घर पर कोई नहीं था। परिवार के सदस्य द्रंग क्षेत्र के चामुंडा मंदिर में दर्शनों के लिए गए थे। मंदिर से वापस लौटने पर वारदात का पता चल सका। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर जाकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और छानबीन शुरू कर दी है। करीब तेरह लाख की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है। 40 तोले सोना भी इसमें शामिल है।
डीएसपी हेडक्वार्टर आशीष शर्मा ने चोरी की पुष्टि की है। पुलिस ने बताया कि सलाहर गांव के खेम सिंह ठाकुर पूर्व बीडीसी चेयरमैन रह चुके हैं। वे अपने परिवार सहित रविवार सुबह करीब दस बजे चामुंडा मंदिर के लिए द्रंग को रवाना हुए। शाम को खेम सिंह घर लौटे तो घर का ताला टूटा देख उन्हें चोरी का शक हुआ। अंदर जाकर जब उन्होंने देखा तो सोना, लैपटॉप और नगदी गायब थे।
चोरों ने घर में सारा सामान बिखेर दिया था तथा अलमारी को तोड़कर सोना और नकदी उड़ा ले गए थे। मकान वीरान जगह पर होने से वारदात को अंजाम देने के लिए चोरों को आसानी हुई। मकान मालिक ने तुरंत गोहर पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर जाकर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी।
सोमवार को डीएसपी हेडक्वार्टर आशीष शर्मा ने घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने घर के सदस्यों के बयान लिए और मौके पर से फिंगर प्रिंट भी ले लिए हैं। डीएसपी आशीष ने बताया कि चोरों ने घर के बाहर रखी किलणी से घर का ताला तोड़ा और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलु तो ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है तथा चोरों का शीघ्र सुराग पता लगाएगी। क्षेत्र में चोरी की वारदातों से लोगों को संपत्ति की चिंता सता रही है। पिछले दिनों माध्यमिक पाठशाला मंडोगलू में भी चोरों ने दोपहर भोजन का सामान को चुरा लिया था। चोरों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Related posts