
कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर की चौकी कंडवाल के तहत वीरवार को कंडवाल पंचायत के पूर्व प्रधान नरेंद्र कुमार पर सुबह-सुबह कुछ ट्रक चालकों ने रॉडों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस को दिए बयान में नरेंद्र कुमार ने आरोप लगाया है कि उन पर साजिश के तहत जानलेवा हमला करवाया गया है। वीरवार सुबह वह अपनी दुकान पर बैठे थे कि वहां कुछ ईंटों से भरे ट्रक खड़े हो गए। उनका छोटा भाई तिलक राज ट्रक के नीचे आने से बाल-बाल बचा और वह जमीन पर गिर पड़ा। वह जैसे ही अपने भाई को उठाने गए तो एक साथ कई ट्रक चालकों ने उस पर रॉडों से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित पूर्व प्रधान नरेंद्र कुमार की शिकायत पर अमीर सिंह और कुलवीर सिंह सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 149, 323 और 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राकेश पठानिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने कंडवाल के पूर्व प्रधान नरेंद्र कुमार पर किए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
