
बालीचौकी /गोहर मंडी। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पूर्व धूमल सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में पिछड़े क्षेत्रों के विकास की अनदेखी की गई। पिछड़ा क्षेत्र विकास योजना के लिए आवंटित बजट को कम कर दिया, लेकिन वर्तमान सरकार इस बजट को बढ़ाएगी ताकि इन क्षेत्रों का भरपूर विकास सुनिश्चित किया जा सके। सराज विधानसभा क्षेत्र के भाटकीधार में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में सराज क्षेत्र के विकास की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। यहां तक कि इस क्षेत्र में ग्रामीण विकास मंत्री रहते हुए वर्तमान भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर ने भी अपने क्षेत्र के विकास को कोई तवज्जो नहीं दी। आज यह स्थिति है कि इस क्षेत्र में आधारभूत समस्याएं जस की तस खड़ी हैं। पूर्व भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में मात्र ठेकेदार ही पैदा किए, जिनके पास काम का कोई अनुभव ही नहीं था। ऐसे ठेकेदारों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। प्रदेश में बेरोजगारी आज गंभीर समस्या है, जिसके निवारण के लिए प्रदेश सरकार ने अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं शुरू करने का निर्णय लिया है। लोगों की समस्याएं दूर करना उनकी प्राथमिकता रही है। वह प्रधानमंत्री डाम़नमोहन सिंह एवं यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ-साथ इस प्रदेश की जनता के आभारी हैं, जिन्होंने उन्हें छठी बार मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा करने का मौका दिया है। भाजपा नेताओं पर आरोप लगाया कि वे नारे देकर प्रदेश के लोगों की एकता एवं उनकी भावना को तोड़ने का प्रयास करते रहे हैं। कांग्रेस कभी भी भाजपा के इस प्रयास को सफल नहीं होने देगी। वीरभद्र सिंह ने सराज क्षेत्र के लोेगों से आह्वान किया कि वे 23 जून को अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को विजयी बनाएं। इससे पूर्व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ठाकुर कौल सिंह, कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व विधायक पंडित शिव लाल, मिल्कफेड के पूर्व अध्यक्ष चेत राम ठाकुर तथा सराज से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी तारा ठाकुर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
