
भरमौर (चंबा)। उपमंडल मुख्यालय के गौर पट्टा में खड़ी की गई पूर्व डीएसपी की मारुति कार चोरी हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुलदीप कपूर पुत्र उत्तम चंद कपूर निवासी 39 मील, शाहपुर अपनी रिश्तेदारी में किसी की शादी में आए हुए हैं। इस बीच 27 जुलाई को उन्होंने अपनी कार गौर पट्टा में खड़ी की थी। रात को कोई मारुति कार नंबर एचपी53-6566 को चुरा कर ले गया है। इस दौरान कुलदीप कपूर ने गाड़ी के बारे में अपने रिश्तेदारों व जानकारों से भी पता किया, मगर इसका कहीं पता नहीं चला। सोमवार को उन्होंने गाड़ी चोरी होने की सूचना स्थानीय पुलिस थाने में दी। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। ज्ञात रहे कि जब भी चंबा जिला में मिंजर व मणिमहेश मेला शुरू होता है, यहां चोरी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। पिछले साल भी जिला में काफी चोरियां हुई थीं।
