
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। ब्लॉक देहरा की पंचायत कनोल में भरी सभा के दौरान एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी ने वार्ड पंच पर थप्पड़ जड़ दिया। इससे माहौल काफी गरमा गया। रविवार देर शाम इस घटना की शिकायत पंचायत प्रधान ने पुलिस थाना देहरा में दर्ज करवा दी। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पंचायत कनोल के प्रधान बाबू राम ने शिकायत दर्ज करके आरोप लगाया है कि पंचायत कनोल में रविवार को ग्राम सभा चल रही थी। इसी दौरान पुलिस विभाग से रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर मदन लाल ने अपशब्दों का इस्तेमाल करने के साथ-साथ अभद्र व्यवहार भी किया। इसी दौरान आरोपी ने पंचायत के वार्ड पंच खुशी राम पर तमाचा जड़ दिया। इसके अलावा जाते-जाते मारने की धमकी भी दे गया। प्रधान ने शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि आरोपी ने इस दौरान जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल भी किया। डीएसपी बीडी भाटिया ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने एससी-एसटी धारा सहित अन्य विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
