
टनकपुर। पूर्णागिरि मेले में तीर्थयात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। बुद्ध पूर्णिमा के दिन से यात्रियों की आवाजाही का सिलसिला बढ़ा है। हर दिन हजारों की संख्या में भक्त देवी के दर्शन को पहुंच रहे हैं। भीड़ बढ़ने से पुजारी और व्यापारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई है।
29 मार्च से शुरू हुआ पूर्णागिरि मेला 31 मई तक चलना था, लेकिन भीड़ बढ़ती देख मेला प्रशासन ने अवधि बढ़ाकर 15 जून कर दी है। उत्तर भारत समेत देश के कोने-कोने से मां पूर्णागिरि के दर्शन को भक्तों की भीड़ उमड़ी। मेला प्रशासन के मुताबिक हर दिन से सात से आठ हजार श्रद्धालु देवी के दर्शन को पहुंच रहे हैं। दोपहर की झुलसाती गर्मी में भी यात्रियों की आवाजाही का क्रम लगातार बना हुआ है। मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम जसवंत सिंह राठौर ने सोमवार की देर शाम पूर्णागिरि मेला क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि व्यवस्थाएं ठीक हैं। जिला पंचायत को सफाई की ओर ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
