
कारोबारियों, उद्यमियों, गृहणियों को हुई परेशानी
हल्द्वानी। ट्रांसपोर्ट नगर सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में शनिवार को पूरे दिन बिजली सप्लाई गुल रही। बिजली गुल होने से सबस्टेशन से जुड़े इलाकों के लोगों, गृहणियों, कारोबारियों और लघु उद्यमियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। इलाके की पेयजल सप्लाई भी ठप रही। क्षेत्रवासियों ने त्योहार के सीजन में बिजली गुल होने पर खासी नाराजगी जताई है।
शनिवार को टीपीनगर सबस्टेशन से जुड़े पंचायतघर, बैड़ा पोखरा, जीतपुर नेगी, मानपुर पश्चिम, मानपुर उत्तर, कत्था फैक्ट्री, देवलचौड़, लोसज्ञानी, जज फार्म, डहरिया आदि इलाकों की बिजली सप्लाई सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक ठप रही। जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। क्षेत्रवासियों का कहना है कि विभाग ने बगैर पूर्व सूचना के बिजली सप्लाई बंद रखी। उन्होेंने कहा कि बिजली गुल होने से ट्यूबवेल आधारित इलाकों में पेयजल आपूर्ति भी बाधित रही। उन्होंने त्योहार के सीजन में बिजली सप्लाई गुल होने पर आक्रोष जताया। चेतावनी दी कि बिजली सप्लाई ठप की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इधर, पावर कारपोरेशन टीपीनगर सबस्टेशन के उपखंड अधिकारी सतीश जोशी ने बताया कि लाइनों की मरम्मत के लिए शट डाउन लिया गया था। इसी वजह से बिजली आपूर्ति बाधित रही।
