पुलों पर खर्च होंगे 2.21 करोड़

चंबा। लोक निर्माण विभाग के चंबा मंडल के लिए स्वीकृत पुलाें के निर्माण कार्य को गति मिलने वाली है। विभाग की ओर इस साल दो पुलों का निर्माण किया जाएगा। इन पुलों के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को लगभग दो करोड़ 21 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है।
जानकारी के मुताबिक लोक निर्माण विभाग की ओर से परेल-कोहलड़ी और चंबा-साहो मार्ग पर स्थित संगरा नाले पर पुल का निर्माण किया जाएगा। इसमें परेल-कोहलड़ी पुल पर विभाग की ओर से एक करोड़ 40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। अभी तक विभाग ने इस पुल के निर्माण पर लगभग 52 लाख रुपये की राशि खर्च की है। विभाग की ओर से वर्ष 2013-14 में इस पुल का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा संगरा नाले पर बनने वाले पुल पर लगभग 81 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। इस पुल पर विभाग की ओर 19 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। विभाग ने इस वर्ष इस पुल का भी निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इन दोनोें पुलों का निर्माण नाबार्ड के तहत किया जाएगा। मुख्य मार्ग पर इन पुलों के निर्माण से वाहन चालकों को काफी सहूलियत मिलेगी। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मदन कुमार मिन्हास ने बताया कि पुल निर्माण के लिए बजट मंजूर हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष इन दोनों पुलों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

Related posts