पुलिस वापस ले गई शव

बिलासपुर। क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में जहरीला पदार्थ निगलने से हुई एक महिला की मृत्यु के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आधा रास्ते से वापस ला दिया। यह अस्पताल प्रबंधन की गलती है या फिर परिजनों की जल्दबाजी। इसका हालांकि अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस को सूचना मिली तो शव को क्षेत्रीय अस्पताल लाकर पोस्टमार्टम करवाया गया। तब कही जाकर शव परिजनों को सौंपा गया और अंतिम संस्कार हुआ। सवाल यह है कि वार्ड की डिस्चार्ज स्लिप दी गई तो चिकित्सकों ने उस दौरान पोस्टमार्टम करने की बात क्यों नहीं कही। क्यों बिना पोस्टमार्टम अस्पताल प्रबंधन ने शव वहां से ले जाने दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक दो रोज पहले मंडी जिला के डेहर क्षेत्र से संबंधित जमुना नामक एक महिला को बिलासपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बताया गया कि महिला ने गलती से कोई दवाई खा ली। अस्पताल में बाकायदा एमएलसी स्लिप काटी गई। पुलिस को सूचना भी दी गई। महिला की मौत के बाद रविवार सुबह महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अस्पताल प्रबंधन ने वार्ड डिस्चार्ज स्लिप मृतक महिला के परिजनों को दी। इसके बाद पोस्टमार्टम किए बगैर ही वह शव लेकर यहां से अपने गांव के लिए निकल पड़े। पुलिस को जब इसकी सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। शव यात्रा को बीच में रोककर शव को जिला अस्पताल लाया गया। पोस्टमार्टम होने के बाद ही शव परिजनों को सौंपा गया। डेहर पुलिस चौकी के इंचार्ज राम स्वरूप ने बताया कि जहरीला पदार्थ निगलने के कारण हुई मौत के कारण पोस्टमार्टम आवश्यक था। लिहाजा, उन्हें शव पुन: अस्पताल लाना पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। उधर, अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक सतीश ने बताया कि महिला दो दिनों से यहां दाखिल थी। एमएलसी कटने के बाद इसकी बाकायदा पुलिस का भी सूचना दी गई थी। मौत होने के बाद उसके अटेंडेट उसे खुद ले गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

Related posts