पुलिस बोली, गुस्सा होने की जरूरत नहीं

शिमला। आईजीएमसी अस्पताल में आए दिन हो रहे हंगामों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बोर्ड लगाकर संयम बरतने की सलाह दी है। बीते सप्ताह युवक की मौत के बाद हुए हंगामे को शांत करने के लिए पहुंची पुलिस ने वायदा किया था कि यहां ऐसी व्यवस्था की जाएगी जिससे आने वाले दिनों में मरीजों के साथ कोई दुर्व्यवहार न हो। इनमें सबसे पहले आपातकालीन वार्ड में जागरूक बोर्ड लगाए जाएंगे। इसमें लिखा गया है कि यदि आप सही हैं तो आपको गुस्सा होने की जरूरत नहीं। यदि आप गलत हैं तो आपको गुस्सा होने का कोई हक नहीं। दूसरा पुलिस ने यह वायदा किया था कि यहां के सिक्योरिटी गार्ड के साथ एक बैठक होगी जिसमें उन्हें टिप्स देंगे। तीसरा अस्पताल प्रबंधन आपातकालीन वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगाए।
एएसपी सौम्या ने शाम पांच बजे जाकर अस्पताल में बोर्ड लगवा कर पुलिस प्रशासन की ओर से किया गया पहला वायदा पूरा कर दिया है। उन्हाेंने कहा कि जल्द ही यहां के सिक्योरिटी गार्ड के साथ बैठक भी करेंगे। अस्पताल प्रबंधन से आग्रह किया कि यहां शीघ्र सीसीटीवी लगाएं। इस मौके पर वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. रमेश भी साथ थे। वहीं घटना वाले दिन मौके पर मौजूद ओपन हैंड वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य जोगिंद्र ठाकुर, बॉबी शर्मा , गौतम शर्मा, बंटी शर्मा, राकेश वर्मा और राकेश ठाकुर ने पुलिस प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।

Related posts