
शिलाई/ सतौन (सिरमौर)। उपमंडल के झकांडो गांव की युवती छुमा देवी पुत्री मोहर सिंह ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष जैनव चंदेल, प्रदेश पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस अधीक्षक सुमेधा द्विवेदी को शिकायत पत्र भेजा है। उन्होंने गाली गलौच करने वाले आरोपियों एवं मामला दर्ज न करने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। विभाग के आला अधिकारियों को सौंपे पत्र में छुमा देवी ने बताया कि वह 10 अप्रैल को गत्ताधार से बकरास एक बस सफर कर रही थी। इस दौरान कांडो गांव से पूर्व वार्ड सदस्य बंसीराम व बांदली पंचायत प्रधान मोहन सिंह ने उसके साथ गाड़ी में गाली गलौच की और कई अपशब्द कहे। वह इसकी शिकायत लेकर जब शिलाई थाने पहुंची तो पुलिस कांस्टेबल ने कार्रवाई करने बजाय उसकी बातें रिकार्डिंग करने की धमकी दी, जबकि दूसरे पुलिस कर्मी ने उसेे धमकाया। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक ने महिला सुरक्षा की बात कई बार की है लेकिन शिलाई थाने के पुलिस कर्मचारी 20 दिनों बाद भी अरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उसे ही धमका रहे हैं। थाने में जब महिलाओं की शिकायत सुनने की जगह आरोपियों को संरक्षण दिया जाएगा तो कौन महिला थाने जाने की हिम्मत जुटाएगी। उधर, पुलिस अधीक्षक सुमेधा द्विवेदी ने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच करवाई जाएगी।
