
ऊना/बंगाणा। उपमंडल बंगाणा में ऊना-कांगड़ा-हमीरपुर जिलों की सरहद से सटे चराड़ा गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर चरस की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। तस्करी को अंजाम देने में पुलिस का एक जवान भी शामिल है, जो इन दिनों ज्वालामुखी ट्रैफिक पुलिस से पुलिस लाइन कांगड़ा के लिए अंडर ट्रांसफर चल रहा है। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयोग की जा रही आल्टो कार सहित डेढ़ किलो ग्राम चरस भी बरामद कर ली है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह सवा 11 बजे बंगाणा के चराड़ा में पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक मेहरद्दीन, सहायक उपनिरीक्षक बलदेव, मुख्य आरक्षी रतन चंद, आरक्षी हरदीप सिंह व गृहरक्षक सलीम मोहम्मद ने नाकेबंदी कर रखी थी। इसी दौरान तूतड़ू की तरफ से एक आल्टो कार नंबर एचपी 72 5378 आई, जिस पर प्रेस लिखा था। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार नहीं रोकी। पुलिस ने लगभग 200 मीटर की दूरी तक पीछा कर कार को रुकवाया एवं कार चालक कार से उतर कर भाग गया। पुलिस ने जब कार के पास जाकर देखा तो कार के अंदर एक अन्य व्यक्ति बैठा था। उससे पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राकेश कुमार पुत्र हरनाम सिंह निवासी कोलपुर तहसील रक्कड़ जिला कांगड़ा बताया। जब पुलिस ने कार को चैक किया तो उसकी अगली सीट के नीचे रखे थैले में से लगभग एक किलो 500 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस की ओर से सख्ती से पूछताछ करने पर पकड़े गए व्यक्ति ने बताया कि कार से भागने वाला युवक नरेंद्र कुमार है, जो हिमाचल पुलिस का ही एक जवान है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 20-61-85 के अंतर्गत केस दर्ज कर लिया है। एसपी केसी शर्मा का कहना है कि पुलिस जल्द ही नरेंद्र कुमार को भी दबोच लेगी।
