पुलिस गिरफ्त में अर्चना के हत्याभियुक्त

पुरोला/उत्तरकाशी/बड़कोट। हत्या के छह दिन बाद आखिरकार पुलिस ने अर्चना हत्याकांड के दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने की मांग पर पुरोला में व्यापारियों ने दूसरे दिन धारा 144 के बावजूद तहसील के मुख्य द्वार पर धरना जारी रखा।
अधिवक्ता अनिल जैन की पत्नी अर्चना की हत्या के मामले में पुलिस ने छठे दिन रिपोर्ट में नामजद होटल मालिक देवेंद्र सिंह, सुंदर सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्याकांड का खुलासा करने की मांग पर पुरोला के व्यापारियों ने दूसरे दिन भी धारा 144 के बावजूद तहसील गेट पर धरना दिया। उन्होंने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद बाजार बंद का आह्वान स्थगित कर दिया। व्यापारियों ने एक हफ्ते के भीतर हत्या के मुख्य आरोपी को जेल की सलाखों के पीछे डालने की मांग की।
जिला मुख्यालय पर बार एसोसिएशन के जेपी नौटियाल, विरेंद्र मटूड़ा, भरत सिंह बिष्ट, गोविंद, रमाकांत नौटियाल, शिवराज बिष्ट, लोकानंद जुयाल, सोबेंद्र रमोला, आनंद पंवार आदि ने एसपी जेआर जोशी से मुलाकात कर शीघ्र हत्याकांड का खुलासा करने की मांग की। उन्होंने 21 सितंबर को न्यायिक कार्य का बहिष्कार करने का ऐलान किया। बड़कोट के वकीलों ने बुधवार को न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया। बड़कोट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भगतवान सिंह बिष्ट ने भी हत्याकांड के शीघ्र खुलासे की मांग की।

कोट
रवांई घाटी के तीनों थानों के थानाध्यक्ष मय फोर्स इस केस की छानबीन में जुटे हैं। पुरोला में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। नामजद आरोपियों से पूछताछ चल रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। – महेंद्र सिंह रावत, पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी

Related posts