
नाहन (सिरमौर)। शिमला में तेंजिन अस्पताल से बाहर निकाले गए 14 कामगारों पर पुलिस की बर्बरता पूर्ण कार्रवाई की सीटू ने कड़े शब्दों में निंदा की है। लाठीचार्ज पर गुस्सा जाहिर किया। वीरवार को नाहन में शिमला पुलिस के खिलाफ उपायुक्त कार्यालय के बाहर मोर्चा खोलते हुए सीटू कार्यकर्त्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। जिला सीटू के अध्यक्ष दया किशन ने कहा कि सीटू कामगारों की रक्षा तथा सम्मान के लिए संघर्ष कर रहा है। शिमला में बीते दिन पुलिस कर्मियों की हरकत से कामगारों के सम्मान को ठेस पहुंची है।
उन्होंने बताया कि लाठी चार्ज से दर्जनों कामगार बुरी तरह से घायल हुए हैं। जबकि सीटू राज्य अध्यक्ष जगत राम को जेल में डाल दिया गया। उन्होंने राज्य सरकार से शिमला पुलिस की कार्रवाई पर कड़ा संज्ञान लेने की मांग उठाई है। सीटू ने कहा कि निहत्थे कामगारों पर पुलिसिया कार्रवाई शर्मनाक है। इसके अलावा सीटू के जितने भी कार्यकर्ता एवं नेताओं को जेल में बंद किया गया है उन्हें तत्काल प्रभाव से रिहा किया जाए। जिला सीटू ने कार्रवाई में शामिल दोषी पुलिस कर्मचारियों तथा अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई। जिला सीटू के सह सचिव धनी राम शर्मा ने कहा कि अगर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो सीटू अपने सम्मान की रक्षा के लिए आंदोलन छेड़ देगी। सीटू नेताओं ने उपायुक्त विकास लाबरू के माध्यम से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को अपनी मांगों बारे ज्ञापन भी सौंपा।
