पुलिस के आरटीसी कोर्स के लिए नहीं हुई भर्ती

डरोह (कांगड़ा)। प्रदेश के एकमात्र पुलिस ट्रेनिंग कालेज डरोह में आरटीसी कोर्स की नई भर्ती न होने से सन्नाटा छा गया है। पिछले लंबे अरसे से पीटीसी में प्रमोशन कोर्स व रिफ्रेशर कोर्स ही करवाए जा रहे हैं। पीटीसी में डीआईजी का पद भी लगभग चार माह से खाली चल रहा है। आईजी राकेश अग्रवाल नॉर्दन रेंज धर्मशाला के पास पीटीसी डरोह का अतिरिक्त कार्यभार है। पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज डरोह में आरटीसी कोर्स के चलने से कालेज में पूरी तरह से रौनक होती थी। मगर पिछले लंबे समय से कोर्स न चलने से सन्नाटा छाया हुआ है। पुलिस महकमे में प्रशिक्षुओं की नई भर्ती नहीं हुई है। जिलों में खाली पड़े सैकड़ों पदों हेतु भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है लेकिन मामला पिछले लंबे समय से अधर में लटका हुआ है। सूत्र बताते हैं कि आरटीसी की यह भर्ती जिलों में खाली पड़े पदों हेतु की जाती है। ट्रेनिंग का खर्चा प्रदेश पुलिस महकमा और प्रदेश सरकार को वहन करना होता है। यदि यह भर्ती बटालियनों के लिए की गई होती तो इसका सारा खर्च केंद्र सरकार अदा करती है। अगर ऐसे में प्रदेश सरकार जिलों के लिए की गई भर्ती का प्रशिक्षण शुरू करती है तो इससे सरकार के खजाने पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। इस समय पीटीसी में ड्रिल कोर्स, एचएचसी और डीएसपी रैंक के अधिकारियों के कोर्स चल रहे हैं। लगभग एक साल से ज्यादा समय से यहां आरटीसी कोर्स का बैच नहीं चल सका है। हालांकि, प्रदेश सरकार ने 800 के लगभग जिलों में कांस्टेबल की भर्ती कर भी रखी है। इनकी ट्रेनिंग कब चलेगी, इसके बारे में कोई भी अधिकारी कुछ कहने को तैयार नहीं है। बुधवार को आईजी राकेश अग्रवाल ने पीटीसी डरोह का दौरा किया। आईजी ने प्रमोशन, रिफ्रेशर कोर्स और केंद्र में चल रहे प्रशिक्षण कोर्सों की जानकारी भी पीटीसी के अधिकारियों से ली है।

Related posts