
अल्मोड़ा। करीब दो सप्ताह से लापता आईटीआई के अनुदेशक गजेंद्र सिंह डसीला को उनके परिजन और पुलिस कर्मी मथुरा से लेकर अल्मोड़ा की तरफ चल पड़े हैं। जानकारी के मुताबिक उनके देर रात तक अल्मोड़ा पहुंचने की उम्मीद है।
मालूम हो कि अनुदेशक गजेंद्र सिंह डसीला पिछले 13 अगस्त को फलसीमा स्थित आईटीआई से अचानक गायब हो गए थे। वह अपनी कार, लैपटॉप और तीनों फोन भी वहीं छोड़ गए थे जिससे उनके बारे में कुछ सूचना नहीं मिल पा रही थी। शुक्रवार को श्री डसीला ने मथुरा के निकट कोसीकलां नामक स्थान से किसी पीसीओ द्वारा अपने घर में फोन किया था। उसके बाद एसपी सुनील कुमार मीणा के निर्देश पर पुलिस कर्मी उन्हें लेने मथुरा रवाना हो गए थे। उनके साथ श्री डसीला के परिजन भी गए हैं। जानकारी के मुताबिक उनके देर रात तक अल्मोड़ा पहुंचने की उम्मीद है। इधर श्री डसीला के मथुरा में मिल जाने की सूचना के बाद व्यापार मंडल ने आंदोलन समाप्त कर दिया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय साह रिक्खू ने यह जानकारी दी।
