
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर पुलिस थाने में दुराचार के दो केस दर्ज किए गए हैं। पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर मुख्य आरक्षी और टिप्पर चालक के खिलाफ दुराचार का केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर हैं। जिला मंडी में एक सप्ताह के भीतर दुराचार के मामले में एक और पुलिस कर्मी ने खाकी वर्दी को दागदार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र की एक महिला की शिकायत मुख्य आरक्षी के खिलाफ दुराचार का केस दर्ज किया गया। पीड़ित महिला ने पुलिस कर्मी पर दो साल तक यौन शोषण करने आरोप लगाया है। आरोपी इन दिनों पुलिस थाना सुंदरनगर में कार्यरत है। मामला दर्ज होने की भनक लगते ही वह भूमिगत हो गया है। महिला का आरोप है कि पुलिस कर्मी जब उसके क्षेत्र में कार्यरत था तो उस दौरान वह उसका यौन शोषण करता रहा। वहां से ट्रांसफर होने के बाद आरोपी ने उसे किराये के मकान में साथ रखकर उसका यौन शोषण किया। महिला ने आरोपी पुलिस कर्मी के विरुद्ध गत दिनों पुलिस अधीक्षक आरएस नेगी के पास लिखित शिकायत दी थी। पुलिस अधीक्षक ने शिकायत मिलने के बाद जांच का जिम्मा डीएसपी सुंदरनगर कुलभूषण वर्मा को सौंपा था। शिकायत वाजिब पाए जाने पर सुंदरनगर पुलिस ने रविवार को मुख्य आरक्षी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया।
उधर, एक अन्य मामले में एक अन्य क्षेत्र की शादीशुदा महिला ने पुलिस थाना सुंदरनगर में शिकायत दी है कि वह एक किराये के मकान में रहती है। घरेलू विवाद के चलते वह काफी समय से अपने पति से अलग रहती थी। कुछ माह पहले सरकाघाट क्षेत्र का रहने वाला टिप्पर चालक उसके पास आया और शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ दिल्ली और मुंबई घुमाने ले गया। वहां वह उसका यौन शोषण करता रहा। गत दिनों सुंदरनगर वापस पहुंचने पर महिला ने जब उसे शादी करने को कहा तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देकर उसे अकेला छोड़ चलता बना।
पुलिस अधीक्षक आरएस नेगी ने बताया पुलिस ने दोनों मामले में आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर लिए गए हैं।
