पुलिस अधिकारी ने दी राहुल को ISI वाली कहानी : मोदी

पुलिस अधिकारी ने दी राहुल को ISI वाली कहानी : मोदी

जयपुर: भाजपा के प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दावा किया कि राजस्थान पुलिस के एक अधिकारी ने कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी को मुजफ्फरनगर के दंगा पीड़ित मुस्लिम युवकों के साथ पाकिस्तानी गुप्तचर संस्था आईएसआई के संपर्क साधने वाली ‘सूचना’ दी थी। यह अधिकारी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लडऩा चाहता है।

उदयपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘राहुल को किसने आईएसआई वाली कहानी बताई होगी इसके बारे में मैंने सूचना एकत्र करने का प्रयास किया…मुझे पता चला कि कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लडऩे की इच्छा रखने वाले राजस्थान का एक पुलिस अधिकारी ने यह सूचना उन्हें दी और उन्होंने इसका अपने भाषण में इस्तेमाल कर दिया।’’

यह दूसरा मौका था जब गुजरात के मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे को लेकर राहुल पर निशाना साधा। शुक्रवार को झांसी की अपनी रैली में उन्होंने कांग्रेस नेता से या तो सार्वजनिक रूप से माफी मांगने या पाकिस्तानी गुप्तचर संस्था से कथित रूप से संपर्क में हैं उनका नाम बताने की मांग की।

राहुल ने गुरुवार को इंदौर में आयोजित एक रैली में यह टिप्पणी की थी।

मोदी ने कहा कि ‘‘शाहजादा’’ अपने भाषणों में पारिवारिक धारावाहिक की कहानी कहने में व्यस्त हैं। वे समझते हैं कि इस तरह की बातों से पार्टी को मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘शाहजादे राजस्थान आए और यहां तक कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता नहीं समझ पाए कि उन्होंने क्या कहा, क्यों कहा, किसके लिए कहा।’’

सांप्रदायिकता पर राहुल के भाषण को लक्ष्य कर मोदी ने कहा कि कांग्रेस उनकी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पाठ पढ़ाना चाहती है, लेकिन इस सवाल का जवाब दे कि क्या उसे अपनी ही गहलोत सरकार पर भरोसा है? और यदि हां तो फिर क्यों गांधी ने वर्ष 2009 में अपनी राज्य सरकार को सूचना दिए बगैर हिंसा से प्रभावित इलाके का दौरा किया था।

Related posts