
लक्सर। मुजफ्फरनगर जेल से हरिद्वार पेशी पर जा रहा एक कैदी पुलिसकर्मी को धक्का देकर चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। उसे पकड़ने के लिए ट्रेन से कूदा पुलिसकर्मी घायल हो गया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने चेन पुलिंग कर कैदी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका। घटना के बाद पुलिस घंटो तक जंगल में कांबिंग करती रही। उसकी तलाश में यूपी पुलिस ने लक्सर में डेरा डाल दिया है।
सिविललाइंस कोतवाली क्षेत्र के खटका निवासी इरशाद को शुक्रवार को मुजफ्फरनगर जेल से पेशी पर हरिद्वार कोर्ट में लाया जा रहा था। उसके साथ एक अन्य कैदी अमजद को भी हरिद्वार स्थित जेल में शिफ्ट करने लाया जा रहा था। दोनों को मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन के पुलिसकर्मी सरवेंद्र राठी, संदीप और रामसिंह अहमदाबाद मेल से हरिद्वार ला रहे थे। ट्रेन करीब दो घंटे लेट होने के चलते करीब डेढ़ बजे सीधडू गांव के पास पहुंची। इसी बीच इरशाद ने शौचालय जाने की बात कही जिस पर पुलिसकर्मी सरवेंद्र राठी हथकड़ी में बंधा रस्सा पकड़कर उसे टॉयलेट ले गया। टॉयलेट में ही किसी तरह से इरशाद ने हथकड़ी खोल दी। बाहर निकलते ही उसने पुलिसकर्मी को जोर से लात मारी और उसे नीचे गिरा दिया। इससे पहले कि वह संभल पाता इरशाद चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। सरवेंद्र भी उसे पकड़ने के लिए ट्रेन से कूदा लेकिन वह घायल हो गया। इसी बीच अन्य दो पुलिसकर्मियों ने चेन खींचकर ट्रेन रोक दी और भाग रहे बदमाश का पीछा किया लेकिन वह हाथ नहीं आ सका। कुछ ही देर में वह जंगल में ओझल हो गया। पुलिसकर्मियों ने मोबाइल फोन से आला अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। सूचना फ्लैश होने के साथ ही लक्सर सीओ समेत तमाम थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और आरोपी की घेराबंदी की, लेकिन वह हाथ नहीं आ सका। घायल सरवेंद्र को हरिद्वार रेफर किया गया है।
आखिर कैसे खोली हथकड़ी
इरशाद ने हथकड़ी कैसे खोली इसे लेकर पुलिसकर्मी भी हैरत में हैं। पुलिसकर्मियों की मानें तो इरशाद ने टॉयलेट में ही किसी तरह से हथकड़ी को खोल दिया। उसके हथकड़ी खोलने की बात यूपी के पुलिस अधिकारियों के गले नहीं उतर रही है। उनका कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है कि कैदी ने हथकड़ी कैसे खोली।
इरशाद पर डकैती और लूट के 15 मुकदमे
पुलिस कस्टडी से फरार हुए इरशाद के खिलाफ विभिन्न थानों में लूट और डकैती के 15 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि भागने वाला आरोपी शातिर है। उसके खिलाफ हरिद्वार, गंगनहर कोतवाली, पुरकाजी, सहारनपुर, झबरेड़ा, लक्सर आदि थानों में लूट और डकैती समेत करीब 15 मामले दर्ज है।
कैदी और पुलिसकर्मियों पर मुकदमा
पुलिस कस्टडी से कैदी के फरार होने के बाद जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिसकर्मी संदीप ने चलती ट्रेन से भागने और हमला करने के मामले में इरशाद निवासी खटका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दूसरी तरफ मुजफ्फरनगर के रिजर्व इंस्पेक्टर दिलीप सिंह की ओर से संदीप, परवेंद्र राठी और रामसिंह के खिलाफ ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
