पुलिया बंद, क्रासिंग के पास बना तालाब

काशीपुर। टांडा रेलवे लाइन क्रासिंग पर सड़क किनारे रेलवे द्वारा दीवार बनाकर पुलिया बंद करने से रेलवे की जमीन तालाब में तब्दील हो गई। इस तालाब का पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। मेयर ऊषा चौधरी ने रेलवे अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर जलभराव का कारण रेलवे द्वारा पुलिया बंद करना पाया। तब रेलवे अधिकारी पुलिया खोलने पर सहमत हो गए।
नगर के वार्ड नंबर पांच स्थित टांडा उजैन्न में स्थित रेलवे क्रासिंग के पास सड़क पर ह्यूम पाइप की पुलिया थी। जिससे पटरी किनारे रेलवे भूमि में जमा पानी निकल जाता, परंतु रेलवे ने सड़क के दोनों ओर पक्की दीवार बना दी। इससे पुलिया बंद हो जाने से रेलवे किनारे की भू्मि तालाब में तब्दील हो गई। तालाब का पानी लोगों के घरों में घुसने लगा। वार्ड नंबर पांच के पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक की शिकायत पर ऊषा चौधरी ने पार्षद चंडोक व रेलवे के सीनियर टेक्निकल ऑफीसर ओपी श्रीवास्तव के साथ जलभराव वाले स्थान का निरीक्षण किया। निरीक्षण में जलभराव का कारण रेलवे द्वारा बनाई गई दीवार से पुलिया बंद होना पाया गया। जिस कारण तालाब का पानी लोगों के घरों में घुस रहा था। इसी दौरान बड़ी संख्या में मुहल्ले के लोग भी पहुंच गए। लोगों ने बताया कि तालाब का पानी उनके घरों में घुस गया है जिससे उनका काफी नुकसान हुआ है। तब कहीं रेल अधिकारी दीवार हटाने को राजी हुए। लोगों ने मेयर सेे स्टेशन रोड पर रेलवे स्टेशन के सामने नाली बंद होने की शिकायत की। जिससे पानी जमा होकर रेलवे कालोनी तथा विश्रामगृह में घुस जाता है। मेयर ने नालियों की सफाई कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक, पूर्व सभासद रजत सिद्धू, बिट्टू राणा, एमए राहुल, देवेंद्र, कुसुम, कलावती, जानकी, माया, छोटी तथा शांति आदि मौजूद थी।

Related posts