

इससे पहले अज्ञात आतंकियों ने डेलिना पुलिस पोस्ट पर सोमवार शाम को ग्रेनेड फेंका था। इस संबंध में एसएसपी अब्दुल कयूम ने बताया था कि आतंकियों ने जो ग्रेनेड फेंका था, वह बाहर ही फट गया था और कोई नुकसान नहीं हुआ।
इस हमले के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया था। सुरक्षा और कड़ी कर दी गई और हर जगह हमलावरों की तलाश की जा रही थी। हमला किसने किया यह अभी तक पता नहीं चल पाया है।
ग्रेनेड और कारतूसों के साथ एक गिरफ्तार
वहीं दूसरी ओर, बारामुला में नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने सोमवार को ही एक ओवर ग्राउंड वर्कर को गिरफ्तार किया था। उसके पास से एक ग्रेनेड व असाल्ट राइफल के कारतूस मिले थे। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान ताहिर अहमद खेश निवासी बडगाम के रूप में हुई थी। वह हिजबुल मुजाहिदीन के लिए काम कर रहा था।
रविवार को भी किया गया था संघर्ष विराम का उल्लंघन
इससे पहले रविवार रात को हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान ने एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। रात करीब 11 बजे से लेकर सोमवार सुबह करीब 4:45 बजे तक गोलाबारी कर सैन्य चौकियों को निशाना बनाया था।
पाकिस्तान की 25 चिनाब रेंजर्स ने पप्पु चक और जगुवाल पोस्ट से रात भर गोलाबारी करते हुए बीएसएफ की कोठा, चांदवा पोस्ट को निशाना बनाया था। मशीन गन और मोर्टार दोनों का इस्तेमाल कर रात भर गोलाबारी की गई थी।
हालांकि, गोलाबारी में किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ था। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने भी इस ओर से पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देकर गोलाबारी बंद करने पर मजबूर कर दिया था।
