
रोहडू। नगर परिषद रोहडू क्षेत्र के लोगों को अब पुराने राशन कार्ड पर 31 जुलाई तक राशन मिलेगा। नगर परिषद रोहडू में नए राशन कार्ड न बनने से लोगों को सस्ता राशन मिलना बंद हो गया था। वीरवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल समस्या को लेकर एसडीएम रोहडू यशपाल सिंह वर्मा से मिला। इस पर एसडीएम ने लोगों की मांग पर सस्ता राशन देने के आदेश जारी किए हैं। नए राशन कार्ड बनाने की जिम्मेवारी नगर परिषद रोहडू की है, लेकिन नगर परिषद लोगों के राशन कार्ड नहीं बना रहा है। जबकि, पुराने राशन कार्ड पर सिविल सप्लाई ने राशन देना बंद कर दिया है। उधर नगर परिषद कर्मचारियों की कमी की दुहाई देकर राशन कार्ड बनाने का कार्य नहीं कर रहा है। इसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वीरवार को स्थानीय लोगों ने एसडीएम रोहडू को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग उठाई। एसडीएम ने पुराने राशन कार्ड पर 31 जुलाई तक राशन देने के आदेश जारी किए हैं तथा नगर परिषद रोहडू को 31 जुलाई तक सभी लोगों के राशन कार्ड बनाने का समय दिया है। नगर परिषद पार्षद सुजय अग्रवाल, चेतन चौहान, पन्ना लाल, जाहीर खान, मोहिंद्र चौहान, ईशान, नवदीप नेगी, सुंदर सिंह, गोविंद सिंह, हरीश नेगी तथा शमशेर सिंह ने बताया कि नगर परिषद रोहडू में राशन कार्ड नहीं बन रहे हैं। लोगों को पुराने राशन कार्ड पर राशन नहीं मिल रहा है। इसलिए एसडीएम रोहडू को ज्ञापन सौंपकर समस्या को दूर करने की मांग उठाई गई है। एसडीएम रोहडू यशपाल सिंह वर्मा ने बताया कि राशन कार्ड बनाने के जिम्मेवारी नगर परिषद रोहडू की है। नगर परिषद को 31 मई तक राशन कार्ड बनाने का समय दिया गया था। लेकिन, उन्होंने राशन कार्ड बनाने शुरू नहीं किए हैं। अब नगर परिषद को 31 जुलाई तक का समय दिया गया है। लोगों को पुराने राशन कार्ड पर 31 जुलाई तक राशन मिलेगा।
