पीड़ितों पर खर्च होंगे 21.50 करोड़ : जगत

रिकांगपिओ (किन्नौर)। क्षेत्रीय विधायक एवं विधानसभा उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा पीड़ितों का उत्थान सर्वोपरि है। सरकार जिले में बारिश और बर्फबारी से प्रभावित लोगों को राहत राशि वितरित करने, यातायात एवं जलापूर्ति बहाल करने पर 21.50 करोड़ रुपये व्यय कर रही है। सोमवार को आयोजित एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधायक ने यह जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों से जिले में किए जा रहे राहत एवं पुनर्वास कार्य में पारदर्शिता लाने को कहा। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त भवनों की एवज में दी जाने वाली राशि ग्रामसभाओं में आम लोगों की जानकारी पर प्रभावितों को आवंटित की जाए। इसके साथ ही सड़कों, पेयजल और बिजली आपूर्ति के कार्य में भा तेजी लाने को कहा। उन्होंने सीमा सड़क संगठन से एनएच को पोवारी से आगे समधो तक बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर काम करने को कहा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को विशेषकर पूह तथा सांगला क्षेत्र को जोड़ने वाली संपर्क सड़क को बहाल करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त प्रशासन को पूह ब्लॉक के लोगों को राशन उपलब्ध कराने के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त कैप्टन जेएम पठानिया, एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना अधिकारी केवल राम सेहजल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts