पीड़ितों की मदद के लिए सभी आगे आएं

नई टिहरी। प्रतापनगर के विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि आपदा प्रभावितों की सहायता के लिए सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी आगे आना चाहिए। विधायक ने सीएम कोष से करीब चार सौ लोगों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।
प्रतापगनर ब्लाक सभागार में मुख्यमंत्री राहत कोष वितरण के मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए नेगी ने कहा कि आपदा की घड़ी में लोगों को सहायता प्रदान करने में अधिकारी छोटी-छोटी तकनीक पर न जाएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के दर्जनों गांवों के सैकड़ों ऐसे भवन हैं, जिनका भूस्खलन के ऊपर मकानों का ढांचा ही खड़ा है। ऐसे परिवारों को मुआवजा राशि दिलवाने में पटवारियों को मदद करनी चाहिए।
नेगी ने कहा कि लंबगांव डिग्री कालेज को श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय का परिसर बनाने, प्रतापनगर में गैस ऐजेंसी, लंबगांव में आइटीआई खोलने की प्रक्रिया जल्द पूरी हो जाएगी। विधायक ने खोलगढ़, भेनगी, बसेली, ओखला, मोटणा, भेंतुला, माजफ, शुक्री, मुखेम, ग्वाड़, सौंदी सहित दर्जनों गांव के करीब 400 पीड़ितों को सीएम राहत कोष से आर्थिक सहायता के चेक बांटे। इस मौके पर एसडीएम देवानंद शर्मा, मुरारीलाल खंडवाल, अरविंद खरोला, आनंद रावत, धूम सिंह रांगड, खुशीलाल, देवी सिंह पवांर, रणवीर रौतेला, लखवीर चौहान और विजयपाल रावत मौजूद थे।

Related posts