
काशीपुर। आपराधिक घटनाओं का सिलसिला जारी है। एक सनसनीखेज घटना में किसी ने लोक निर्माण विभाग के एक कर्मचारी की गला रेतकर हत्या कर दी। शव घर से तीन किलोमीटर दूर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया।
सुभाषनगर राजेंद्र कालोनी निवासी बलवीर (55) लोनिवि में मेट के पद पर कार्यरत थे। बृहस्पतिवार की रात वह बिना किसी को कुछ बताए बाइक से कहीं चले गए। शुक्रवार सुबह खोखराताल के निकट श्मशान घाट के पास उसका शव बरामद हुआ। हत्या कहीं और की गई। हत्यारे मृतक की जेब में रखा मोबाइल और बाइक भी ले गए। मृतक के पुत्र सतपाल ने बताया कि वह अपनी पत्नी-बच्चों के साथ दुमंजिले में रहते हैं। पिता प्रथम तल में रहते हैं। रात लगभग 11 बजे किसी का फोन आने पर वह बिना बताए बाइक से चले गए। सुबह पड़ोसी ने उनके पिता को फोन मिलाया तो नहीं मिला। तब वह स्वयं घर आए तो पता चला कि पिता कमरे में नहीं थे। वह खोजबीन करने निकला तो श्मशान घाट पर उसके पिता का खून से सना शव मिला।
पुलिस को सूचना दी तो पुलिस को आरके पुरम के पास बाइक मिल गई। सतपाल ने कहा कि उसके पिता की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। मृतक के दामाद अशोक कुमार निवासी ग्राम अंगदपुर थाना जसपुर ने बताया कि सुबह सतपाल ने घटना की जानकारी दी। तब वह पत्नी लज्जा देवी के साथ आया। मृतक के एक पुत्र और चार पुत्रियां हैं सभी बच्चे विवाहित हैं। हत्या की इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा गया। आईटीआई पुलिस ने मामले की जांच कर दी।
