पीजी सीटों पर एडमीशन की प्रक्रिया शुरू

हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कालेज की पीजी सीटों पर एडमीशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए मंगलवार से आनलाइन काउंसलिंग होगी तथा 14 जून से एडमीशन किए जाएंगे। इधर, मेडिकल कालेज के लिए सबसे बड़ी खुशी की बात यह है कि एमसीआई ने रेडियोलाजी विभाग में भी पीजी में दो सीटें दे दी हैं।
मेडिकल कालेज को दो साल पहले ही पीजी कोर्स चलाने की स्वीकृति एमसीआई से मिली थी। अब नए बैच के एडमीशन की तैयारी शुरू हो गई है। मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्रो. आरसी पुरोहित ने बताया कि इस वर्ष कुल 37 सीटों पर पीजी में एडमीशन किए जाने हैं, इनमें से 18 सीटें केंद्र और स्टेट कोटे की 19 सीटें शामिल हैं। उन्होंने बताया चार से 12 जून तक ऑल इंडिया स्तर पर आनलाइन काउंसलिंग होगी। उत्तराखंड कोटे की 19 सीटों पर काउंसलिंग देहरादून में होगी। काउंसलिंग के बाद 14 से 22 जून तक एडमीशन होंगे तथा 23 जून से द्वितीय काउंसलिंग शुरू होगी। उन्होंने बताया मेडिकल कालेज को इस बार एक बड़ी उपलब्धि रेडियोलाजी में दो सीटें मिलने से हासिल हुई है। अभी तक रेडियोलॉजी विभाग में पीजी में एक भी सीट नहीं थी, इससे सुशीला तिवारी अस्पताल को काफी फायदा होगा।

Related posts