
सुंदनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्राध्यापक संघ की जिला मंडी इकाई की बैठक में विभिन्न मांगों पर विचार विमर्श किया गया। संघ ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि स्कूल प्राध्यापकों का पद नाम पहले की तरह लेक्चरर ही रखा जाए। पीजीटी पदनाम प्राध्यापकों को मंजूर नहीं है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला सुंदरनगर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान अशोक ठाकुर ने की। संघ ने सरकार और शिक्षा विभाग से स्कूली प्राध्यापकों का पदनाम पहले की तरह लेक्चरर रखने का आग्रह किया है। पीजीटी पदनाम प्राध्यापकों को मंजूर नहीं है। संघ ने शिक्षा विभाग से आठ साल पूरा कर चुके पैरा प्राध्यापकों को शीघ्र नियमित करने की मांग की है। कमीशन से अनुबंध पर नियुक्त प्राध्यापकों को पंजाब की तर्ज पर तीन वर्ष की सेवाकाल के बाद नियमित करने और वित्तीय लाभ देने, यूजीसी की शर्तें पूरी करने पर स्कूल प्राध्यापकों को कॉलेज कैडर में पदोन्नति के अवसर देने की मांग की है। जमा-दो स्कूलों में कार्यरत वरिष्ठ प्राध्यापकों को उप प्रधानाचार्य का पदनाम देने की मांग की गई। बैठक में जिला प्रधान अशोक ठाकुर, जिला महासचिव ललित धरवाल के अलावा धर्मपाल सरोच, राजेश नंदा, कृष्ण भारती, कर्म चंद, पूर्व प्रधान किशोरी लाल ठाकुर उप प्रधान कर्म चंद, संगठन सचिव कमल सिंह, वित्त सचिव सरला गौतम आदि सदस्य मौजूद थे।
