
सोलन। रोगी कल्याण समिति की बैठक में जोनल अस्पताल सोलन को आईजीएमसी और पीजीआई स्तर की सुविधाएं देने का खाका तैयार हुआ। रात को आठ बजे तक मेडिकल टेस्ट की सुविधा देने पर सहमति बनी। वहीं अस्पताल में सिफारिशों पर लगाम कसने के लिए हर ओपीडी में इलेक्ट्रानिक डिस्पले लगाने का निर्णय हुआ, जिसमें रोगियों की पर्ची संख्या और नाम डिस्पले होने पर ही रोगी डाक्टर के पास चैकअप के लिए सकेंगे।
बैठक की अध्यक्षता सीएमओ डा. शशिपाल ने की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। 31 मार्च से पहले डिस्पले बोर्ड और सीसीटीवी लगाने का कार्य पूरा होने का दावा किया गया। रोजाना 1500 के करीब ओपीडी वाला अस्पताल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसके लिए करीब ढाई करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान रखा गया है। इसके अतिरिक्त नगर परिषद अध्यक्ष कुलराकेश पंत, जिला चिकित्सा अधिकारी डा. आरके बारिया, ईएनटी विशेषज्ञ डा. आरके दरोच, गायनी विशेषज्ञ डा. ललित महाजन, मेडिसन विशेषज्ञ डा. देवेश्वर पांडे, डा. यशवंत वर्मा और डा. मंजु मित्तल भी बैठक में मौजूद रहे। आज प्रबंधन की जनरल बैठक होने वाली है।
अस्पताल में लगेगा आक्सीजन प्लांट
अस्पताल में करीब 30 लाख रुपये से आक्सीजन प्लांट लगेगा। इससे आपातकालीन स्थिति में रोगियों को आक्सीजन आसानी से अस्पताल से मिलेंगी। मौजूदा वक्त में आक्सीजन प्लांट नहीं है। आक्सीजन की आपूर्ति दूसरे स्थानों से होती है।
आधुनिक सफाई मशीनें
रोगी कल्याण समिति की कवायद रंग लाई तो अस्पताल परिसर में गंदगी का आलम दूर होगा। आधुनिक मशीनों से अस्पताल की सफाई होगी। वैक्यूम क्लीनर से सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।
चार पर्ची काउंटर बनेंगे
अस्पताल में लंबी लाइन में लगकर पर्ची बनाने की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा। अस्पताल के बाहर जल्द ही चार पर्ची काउंटर खोले जाएंगे। अभी तक दो काउंटरों की सुविधा है। ऐसे में रोगी आसानी से पर्ची बनवा सकेंगे।
आर्थो और चिल्ड्रन वार्ड नए भवन में शिफ्ट
अस्पताल की भीड़ कम करने के लिए अस्पताल के नए भवन में आर्थो और चिल्ड्रन वार्ड शिफ्ट होंगे। भवन की शिफ्टिंग अप्रैल माह तक पूरी हो जाएगी। नए भवन में 50 बैड लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त अस्पताल के लिए कुछ नई एंबुलेंस खरीदने की योजना भी बनाई गई है।
आपातकाल में मिलेगी निशुल्क सुविधा
आपातकाल में पहुंचने वाले रोगियों को अस्पताल प्रबंधन कुछ निशुल्क सेवाएं प्रदान करेगा। जिसमें टेस्ट और दवा की सेवाएं शामिल होंगी। इसके लिए करीब 25 लाख रुपये का बजट तैयार किया गया है।
