पीजीआई और आईजीएमसी में नहीं चलते स्मार्ट कार्ड

बिलासपुर। व्यास रक्तदाता समिति ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि जिला अस्पताल में रक्तदानियों को दी जाने वाली रिफ्रेशमेंट को कम से कम सौ रुपए किया जाना चाहिए। नगर परिषद के उपाध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में प्रधान कर्ण चंदेल ने कहा कि अस्पताल में लगभग दस रुपए की रिफ्रेशमेंट दी जाती है, जो नाकाफी है। इसे बढ़ाकर कम से कम 100 रुपए किया जाए। कर्ण चंदेल ने कहा कि समिति शीघ्र ही अपने अभियान को गति प्रदान करेगी। इस सिलसिले में उपायुक्त से मुलाकात कर सरकार को ज्ञापन भेजा जाएगा ताकि रक्तदान को बढ़ावा मिल सके। रक्तदान करने वाले व्यक्तियों को एक स्मार्ट कार्ड अस्पताल प्रशासन की ओर से प्रदान किया जाता है। यह स्मार्ट कार्ड न तो शिमला आईजीएमसी में चलता है और न ही चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में। ऐसे में रक्तदाताओं को आपातकाल में रक्त का प्रबंध करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यदि अस्पताल में किसी रक्तदाता के रिश्तेदार को रक्त की आवश्यकता हो तो उससे भी बदलने की मांग की जाती है, जो तर्कसंगत नहीं है। निकट भविष्य में रक्तदाताओं को जागरूक करने तथा उन्हें सम्मानित करने के लिए समारोह होगा। इस बैठक में कमल गौतम, सुरेंद्र गुप्ता, राकेश सोनी, गौरव टाडू, केसर शर्मा, राजकुमार, संदीप नड्डा, नवीन ठाकुर, अंकुर शर्मा, सुनील कुमार, प्रणव आनंद, तरुण टाडू व राज वर्मा आदि मौजूद थे।

Related posts