
केलांग/कुल्लू
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे पर शनिवार को रक्षा मंत्रालय मुहर लगाएगा। शनिवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह प्रदेश सरकार के साथ मोदी के दौरे को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंस करेंगे। मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने कहा कि शनिवार शाम पांच बजे वीडियो कॉन्फ्रेंस में मोदी के मनाली और लाहौल दौरे का पूरा खाका रखा जाएगा।
बताया जा रहा है कि 3 अक्तूबर को अटल टनल रोहतांग के उद्घाटन के बाद मोदी मनाली में रात्रि ठहराव कर सकते हैं। लाहौल के सिस्सू या सोलंगनाला में जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं। प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कोविड-19 की वजह से यहां मात्र 200 लोगों के आने की अनुमति होगी। दो दिनों तक लाहौल रहे रक्षा सचिव और एसपीजी अधिकारी भी मनाली में सुरक्षा इंतजामों का जायजा ले चुके हैं।
पीएम मोदी को दौरे को लेकर सीएम ने जारी किए निर्देश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन अक्तूबर को अटल टनल रोहतांग के लोकार्पण को प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मीडिया प्लान बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने समारोह के सीधे प्रसारण के लिए विभिन्न स्थानों पर एलईडी लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, जिला मुख्यालयों सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगाने के भी उन्होंने निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मीडिया कर्मियों की सुविधा के लिए मीडिया केंद्र स्थापित किया जाए। इसमें इंटरनेट सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव जेसी शर्मा ने बैठक का संचालन किया। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, मुख्य सचिव अनिल खाची, निदेशक सूचना एवं जन संपर्क विभाग हरबंस सिंह ब्रासकोन इस दौरान मौजूद रहे।
