पीआरडी जवानों पर लाठीचार्ज का विरोध

पिथौरागढ़/बेरीनाग। प्रांतीय रक्षक दल के जवानों पर देहरादून में हुई लाठीचार्ज की तमाम संगठनों ने निंदा की है। भाकपा (माले) ने पीआरडी जवानों की मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग का ज्ञापन राज्यपाल को भेजा है। पीआरडी जवानों ने सरकार को इस कृत्य के लिए सबक सिखाने का ऐलान किया है।
भाकपा माले के जिला सचिव जगत मर्तोलिया ने कहा कि पीआरडी जवानों द्वारा देहरादून में तीन सप्ताह से शांतिपूर्वक आंदोलन किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को शांतिपूर्वक सचिवालय कूच कर रहे पीआरडी जवानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसकी वजह से कई जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने इस कदम को सरकार की बौखलाहट बताया।
उधर, बेरीनाग में ब्लाक कमांडर जीत सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस घटना की निंदा की गई। जवानों ने कहा कि पीआरडी जवान सभी हालातों में अपना काम पूरी ईमानदारी से कर रहे हैं। उसके बाद भी सरकार के इशारों पर पुलिस ने पीआरडी जवानों पर लाठीचार्ज कर दिया। कहा कि इसका बदला आगामी त्रिस्तरीय और लोकसभा चुनाव में लिया जाएगा। बैठक में ब्लाक अध्यक्ष गोविंद सिंह, प्रेम लाल, हेम सिंह, गंगा प्रसाद पंत, गंगा राम, हरीश कार्की, सुंदर राम, गोपाल राम आदि मौजूद थे।

Related posts