
बैजनाथ (कांगड़ा)। पपरोला बाजार में पुलिस नाके के दौरान कार के कागजात मांगने पर पुलिस कर्मी से मारपीट के आरोप में पिता और उसके दो बेटों को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि ये तीनों बारात में शामिल होकर लौट रहे थे। पुलिस ने आईपीसी की धारा 353, 330,186, 504, 506, 34 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन प्रारंभ कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एएसआई रोशन लाल, ईश्वर और एसएचसी अनिल कटोच ने पपरोला बाजार में रेन शेल्टर के समीप जांच पड़ताल के लिए वीरवार रात नाका लगाया हुआ था। इस दौरान रात करीब 12 बजे आल्टो में सवार तीन लोग पालमपुर की तरफ से आए। नाके के दौरान पुलिस ने आल्टो में सवार बैजनाथ के लंघु गांव के बलवंत और उसके दो बेटों विरेंद्र (आर्मी में कार्यरत) और वरुण को कागजात दिखाने को कहा। ऐसे में कार में सवार तीनाें लोग एसएचसी अनिल कटोच से उलझ पड़े और नौबत मारपीट तक जा पहुंची। इस दौरान अनिल के सिर पर आरोपियों ने वार कर दिया। घटना में अनिल कटोच के सिर पर चोटें आई हैं और पांच टांके लगे हैं। बताया जा रहा है कि बलवंत और उसके दोनों बेटे लंघु गांव से दगोह गांव गई बारात से वापस आ रहे थे। डीएसपी पुनीत रघु ने बताया कि एसएचसी अनिल के साथ मारपीट को लेकर तीन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
