
लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर को पिछड़ा वर्ग क्षेत्र घोषित करने और टिहरी झील के ऊपर निर्माणाधीन डोबराचांठी पुल का निर्माण शीघ्र पूरा करने की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति ने शुक्रवार से गांव-गांव में जन जागरण अभियान शुरू करेगा। इसके तहत जन जागरण के लिए अलग-अलग टोलियां बनाई गई। मांग के समर्थन में बृहस्पतिवार को भी क्रमिक अनशन जारी रहा। धरना स्थल पर हुई बैठक में संघर्ष समिति के संरक्षक सोहनपाल पंवार ने बताया कि आंदोलन को सफल बनाने के लिए सभी लोगों की भागीदारी जरूरी है। इसलिए लोगों को संगठित करने के लिए गांव-गांव में शुक्रवार से जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। बृहस्पतिवार को भगवान सिंह रागड़, चमन सिंह, उम्मेद सिंह, कमल लाल, धन सिंह और बुद्धिराम जोशी क्रमिक अनशन पर बैठे रहे।
