
बागेश्वर। प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास भगवती प्रसाद पांडे ने शनिवार को कपकोट के आपदा प्रभावित क्षेत्रों को हवाई दौरा किया। उन्होंने पिंडर पार के 11 गांवों को शीघ्र मुख्य धारा से जोड़ने का आश्वासन दिया। श्री पांडे ने पेयजल की योजनाओं की मरम्मत के लिए आगणन नहीं भेजे जाने पर नाराजगी जताई। विधायक ललित फर्स्वाण ने उन्हें संपूर्ण क्षति की जानकारी दी।
शनिवार की सुबह प्रमुख सचिव हेलीकाप्टर से यहां डिग्री कालेज मैदान पर उतरे। यहां कुछ देर रुकने पर उन्होंने जिलाधिकारी बीएस मनराल और कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण से आपदा से हुए नुकसान की जानकारी ली। बाद में हेलीकप्टर से प्रमुख सचिव श्री पांडे, विधायक ललित फर्स्वाण, जिलाधिकारी बीएस मनराल और अपर जिलाधिकारी भरत लाल फिरमाल कपकोट के आपदा प्रभावित क्षेत्र को रवाना हुए। उन्होंने खाती, बदियाकोट, द्वाली, पोथिंग, हरसिंग्याबगड़, जगथाना, पुड़कुनी क्षेत्र का हवाई दौरा किया। विधायक ललित फर्स्वाण ने सचिव को बताया कि पिंडर नदी में बने पुल बह जाने से पिंडर पार के गांव कट गए हैं। प्रमुख सचिव ने खाती, तीख डौला जोने वाले पुल को शीघ्र बनाने का आश्वासन दिया। श्री पांडेय ने ग्राम सभाओं की पेयजल योजनाओं की मरम्मत का आंगणन नहीं पहुंचने पर नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने बताया कि जल महकमों को आंगणन देने के निर्देश दिए हैं। दौरे के बाद अपराह्न सचिव गरुड़ क्षेत्र को लौट गए थे। सचिव के दौरे ने लोगों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जगी है।
