पालिका बोर्ड के खिलाफ भ्रामक प्रचार का आरोप

नैनीताल। मल्लीताल फ्लैट्स में नुमाईश तथा झूले लगाए जाने के मामले में पालिका प्रबंधन पर आरोप लगाने वालों के खिलाफ बोर्ड एकजुट हो गई है। शुक्रवार को बुलाई गई आकस्मिक बैठक में पालिकाध्यक्ष श्याम नारायण ने कहा कि पालिका के खिलाफ भ्रामक प्रचार किया जा रहा है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि कुछ लोग स्वार्थ के चलते फ्लैट्स में झूले तथा नुमाईश के नाम पर बोर्ड के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। झूले तथा नुमाइश के लिए बोर्ड की सहमति के बाद जिला प्रशासन को भेजा गया है। आक्रोशित पालिका सदस्यों ने कहा कि फ्लैट्स के पेविंग स्थल से अतिक्रमण हटाने के बाद पालिका नगर के मल्लीताल और तल्लीताल बाजार में किए अतिक्रमण को हटाएगी।
बैठक में सभासद डीएन भट्ट, भूपाल कार्की, सुमित कुमार, नितेंद्र प्रसाद, मनमोहन नेगी, अजय भट्ट, नीतू बोरा, किरन साह, रेनू आर्या, सपना बिष्ट आदि मौजूद थे।

पंजीकृत डांक से मंगवाए जाएंगे आवेदन
नैनीताल। बोर्ड की बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि पालिका की ओर से किसी भी निविदा के लिए आवेदन अब पंजीकृत डांक से मंगवाए जाएंगे। जिससे निविदा के नाम पर पालिका पर लगने वाले आरोपों को शांत किया जाए।

Related posts