
कोटद्वार। वर्षों से बदहाल और अधूरे पड़े आडिटोरियम के दिन जल्द बहुरने वाले हैं। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में आडिटोरियम के भूतल पर प्रस्तावित 27 दुकानों के लिए जल्द टेंडर आमंत्रित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इसके अलावा शहर के विकास की कई अन्य योजनाओं पर भी बोर्ड ने मुहर लगाई।
नगर पालिका अध्यक्ष रश्मि राणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मई माह के आय-व्यय का अनुमोदन किया गया। प्रदेश में आयी आपदा में मरने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। सभी सभासदों ने बोर्ड की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में 11000 रुपये देने पर सहमति जताई।
बैठक में विवेक अग्रवाल, प्रमोद भाटिया, महेश भाटिया, विनय कुमार भाटिया, इमरान, ज्योति चौधरी, रमेश चौधरी, माया ध्यानी, रंजना रावत, रेशमा परवीन, लता शाह आदि सभासदों के अलावा अधिशासी अधिकारी विजय पीएस चौहान उपस्थित रहे। पालिकाध्यक्ष रश्मि राणा ने कहा कि पालिका क्षेत्र का समग्र विकास करेगी।
ये प्रस्ताव हुए पास
-नागरिक संगठन को वरिष्ठ नागरिकों के लिए पालिका के गाड़ीघाट स्थित मिलन केंद्र का प्रथम तल दिया जाएगा। इसके लिए संस्था को जिलाधिकारी से अनुमोदन लेना होगा।
-13वें वित्त आयोग की संस्तुति पर पालिका को मिले 2.50 लाख रुपये और 2012-13 की प्रथम किश्त 17.09 लाख रुपये से विद्युत सामग्री, 5000 लीटर का वाटर टैंकर, कंटेनर कैरियर, पालिका के टाटा एस पर प्रेशराइज टैंक लगाने पर सहमति।
-विभिन्न सीसी मार्गों के लिए 28 लाख रुपये के आगणन को स्वीकृति
-बदरीनाथ मार्ग पर आडिटोरियम के भूतल पर प्रस्तावित 27 दुकानों के लिए टेंडर आमंत्रित करने पर सहमति
गौशाला मार्ग पर नहीं बनी सहमति
-झंडाचौक से मालगोदाम रोड पर नवनिर्मित गोशाला तक सड़क का नाम गोशाला मार्ग रखे जाने के प्रस्ताव को स्थगित कर दिया गया।
आडिटोरियम: कब क्या हुआ
कोटद्वार। वर्ष 2005 में कांग्रेस सरकार ने बद्रीनाथ मार्ग पर 400 सीटों के आडिटोरियम बनाने को स्वीकृति दी। इसके लिए 1.37 करोड़ का बजट जारी किया गया। 2006 में ग्रामीण अभियंत्रण सेवा आरईएस ने काम शुरू किया, लेकिन जल्द ही यह लटक गया। 2009 में आरईएस ने लटके काम को पूरा करने के लिए 3.37 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा, लेकिन यह फाइलों में गुम हो गया। फिर कांग्रेस सरकार बनते ही मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने स्टीमेट मंगवाया। इसके बाद पहली किस्त के लिए 50 लाख रुपये अवमुक्त किए जा चुके हैं। अब पालिका यहां दुकानें शुरू करने जा रही है। इसके बाद आडिटोरियम का निर्माण किया जा सकेगा।
आपदा में मदद की अपील
धुमाकोट। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जड़ाऊखांद बाजार से आपदा राहत के लिए मदद जुटाने के अभियान की शुरुआत की। इस दौरान सुरेंद्र बिष्ट, मनीष सुंदरियाल, पृथ्वीपाल पर्णवाल आदि मौजूद रहे।
