पालिका कार्यालय अब नए भवन में

चंपावत। जिला गठन के समय 1997 में नगर पंचायत ने गोरलचौड़ मार्ग पर जिस भवन का निर्माण किया था उसमें अब नवगठित नगरपालिका का कार्यालय स्थापित होने जा रहा है। पालिका गठन के बाद कर्मचारियों तथा सभासदों की संख्या बढ़ने के कारण पुराने कार्यालय भवन में जगह की कमी हो गई थी। इसी का समाधान निकालने के लिए यह पहल की गई है।
1997 में जिला गठन के समय तत्कालीन नगर पंचायत ने अपनी परिसंपत्तियों को बढ़ाने, नगर की जनता को सुविधा देने के मकसद से गोरलचौड़ मार्ग पर एक अतिरिक्त भवन को तैयार कर लिया था। जिला बनते ही सबसे पहले इसमें मुख्य विकास अधिकारी का कार्यालय संचालित होने लगा। कुछ वर्षों बाद विकास भवन की स्थापना हो गई और मुख्य विकास अधिकारी का कार्यालय वहां शिफ्ट हो गया। तब से इस भवन के उपयोग को लेकर मंथन चल रहा था। बताया गया है कि इस भवन में अध्यक्ष का कक्ष, अधिशासी अधिकारी का कक्ष, जूनियर इंजीनियर का कक्ष, कार्यालय कक्ष के अलावा एक सभाकक्ष भी है।
पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी ने बताया कि कल शुक्रवार को इस भवन में विधिवत पालिका कार्यालय शिफ्ट हो जाएगा। यही नहीं कल को पालिका की बैठक भी इसी में होगी। उन्होंने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी, पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल, मुख्य विकास अधिकारी जेके तिवारी, सभी सभासद, अन्य नागरिक मौजूद रहेंगे। नए भवन में कामकाज में आसानी होगी और लोगों को भी सुविधा मिलने लगेगी।

Related posts