
पालमपुर (कांगड़ा)। विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में शुक्रवार को पालमपुर से अयोध्या के लिए संतों का एक जत्था रवाना हुआ। इनमें 17 संत शामिल हैं। विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने इस जत्थे को रवाना करते हुए कहा कि पूरे हिमाचल से 300 संत अयोध्या को कूच कर रहे हैं।
इनमें मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और बिलासपुर जिलों के 17 संत पालमपुर के राधा कृष्ण मंदिर से रवाना हुए हैं। इनका नेतृत्व विश्व हिंदू परिषद के प्रांत धर्माचार्य प्रमुख होशियार सिंह ठाकुर कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस जत्थे में महामंडलेश्वर महंत राम सरन दास, स्वामी बालक राम, महंत बसंत दास, महंत हरि मोहन दास, महंत केवल गिरी, महंत गिरिशा आनंद, महंत भूपेश्वर गिरी, महंत आनंद गिरी, स्वामी भागवत दास, स्वामी छोटू पूरी, स्वामी गोविन्द दास, महाराज व्यास, स्वामी रमेश गिरी, स्वामी के दास, स्वामी बराई नाथ, स्वामी रवि आनंद, स्वामी भटिंडा गिरी, स्वामी अंथनी गिरी शामिल हैं। परिषद के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि बापू आसाराम दोषी साबित होते हैं तो उनके ऊपर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और कड़ी सजा मिलनी चाहिए। लेकिन किसी साजिश के तहत उन्हें फंसाया जा रहा है तो इसका अंजाम ठीक नहीं होगा। यह भी कहा कि संतों का अपमान किया जा रहा है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा।
