पालमपुर में अगले 72 घंटों में भारी बारिश का अलर्ट

पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर क्षेत्र में आने वाले तीन दिनों में भारी बारिश हो सकती है। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए पालमपुर प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट जारी कर दिया है। इसके चलते कई विभागों के कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद कर दी गई हैं। मौसम विभाग से मिली अगले 72 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी को लेकर पालमपुर प्रशासन ने एहतियात के तहत कई कदम उठाए हैं। बारिश की संभावना को देख प्रशासन ने आपदा प्रबंधों को पुख्ता रखने के लिए सभी विभागों को सख्त आदेश दिए हैं। नदी-नालों के किनारे बसे लोगों को भी सुरक्षित जगहों पर जाने के आदेश दिए गए हैं। हालांकि, पालमपुर प्रशासन ने आपदा प्रबंधों को निपटाने के लिए पहले ही चार-चार जगहों पर कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। इस बार मौसम विभाग से आई भारी बारिश की सूचना को लेकर प्रशासन ने आपदा प्रबंधों को और पुख्ता कर लिया है।
पालमपुर के एसडीएम भूपेंद्र अत्री ने कहा कि मौसम विभाग से अगले 72 घंटों में भारी बारिश की मिली चेतावनी के बाद आपदा प्रबंध पुख्ता किए गए हैं। जानमाल की कोई हानि न हो, इसके तहत लोगों को सतर्क किया गया है। इसके लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। कहीं से भी कोई घटना की सूचना मिलती है, वहां फौरी राहत पहुंचेगी। पालमपुर, पंचरुखी, भवारना और थुरल में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं जो 24 घंटे खुले रहेंगे। इसे देख उन्होंने कई विभागों के कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद कर दी हैं। विभागों को बारिश की संभावना को देखकर अलर्ट कर दिया है।

Related posts